संजय सरावगी ने नितिन नवीन, शिवेश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा को दी जीत की अग्रिम शुभकामनाएं
संजय सरावगी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को बिहार से राज्यसभा उम्मीदवार बनाने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है
पटना, 3 मार्च बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को बिहार से राज्यसभा उम्मीदवार बनाने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, शिवेश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा को राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में जीत की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार की सभी पांच सीटों पर एनडीए उम्मीदवार की जीत तय है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का यह निर्णय न केवल समर्पित कार्यकर्ताओं को फिर से दिया गया सम्मान है बल्कि परिश्रम को दिया गया तरजीह भी है। उन्होंने भाजपा के दोनों उम्मीदवारों तथा रालोमो के उपेंद्र कुशवाहा को लेकर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार उर्फ शिवेश राम और कुशवाहा का राज्यसभा पहुंचना उच्च सदन में बिहार की आवाज को और बुलंद करेगा, बल्कि सदन में बिहार को विकसित बनाने की गति को और बल देगा।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के इस निर्णय के लिए आभार जताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार को जीत की अग्रिम बधाई दी है। उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा को भी जीत की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव का लाभ एनडीए को राज्यसभा में मिलेगा। पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट